दिनदहाड़े जीजा ने साले को मारी गोली, बाजार में मची सनसनी

प्रतापगढ़ के मदाफरपुर बाजार में पारिवारिक विवाद के बाद पूर्व सैनिक जीजा ने कथित तौर पर साले को गोली मार दी, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रतापगढ़ : कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में मंगलवार को पारिवारिक विवाद ने बेहद गंभीर रूप ले लिया। दिनदहाड़े मेडिकल स्टोर पर पहुंचे जीजा ने कथित तौर पर अपने साले पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और घायल युवक सड़क पर गिर पड़ा।

मृतक की पहचान मदाफरपुर निवासी देवेन्द्र यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि देवेन्द्र बाजार में मेडिकल स्टोर चलाता था और घटना के समय दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान उसका जीजा कपिल यादव, निवासी खानापुर, अमेठी, मेडिकल स्टोर पर पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कपिल ने कथित तौर पर लाइसेंसी पिस्टल से देवेन्द्र पर गोली चला दी।

गोली की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेते हुए उसकी लाइसेंसी पिस्टल कब्जे में ले ली।

उधर, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल देवेन्द्र को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। आरोपी कपिल यादव के पूर्व सैनिक होने की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल वह पुलिस अभिरक्षा में है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मदाफरपुर बाजार में काफी देर तक तनाव और सनसनी का माहौल बना रहा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *