मनीष सिन्हा
धनबाद : कोल इंडिया लिमिटेड ने माइनिंग (प्रथम श्रेणी) अनुशासन में ई-7 से ई-8 ग्रेड में प्रमोशन के लिए 100 अधिकारियों के नामों की सिफारिश की है। इन अधिकारियों का चयन 10 जून से 16 अगस्त 2026 के बीच आयोजित साक्षात्कार के आधार पर किया गया है।
प्रमोशन की प्रक्रिया के तहत करीब 450 अधिकारियों का इंटरव्यू लिया गया था। इनमें से चयनित 100 अधिकारियों की सूची में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के आठ अधिकारी भी शामिल हैं। इसके अलावा कोल इंडिया की अलग-अलग अनुषंगी कंपनियों के अधिकारियों को भी पदोन्नति के लिए चुना गया है।
सूची के अनुसार वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के 23, साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के 22 और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के 13 अधिकारी शामिल हैं। वहीं नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) और ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के 10-10 अधिकारियों का चयन किया गया है।
इसके अलावा महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) के नौ, सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट (CMPDI) के तीन तथा कोल इंडिया लिमिटेड के दो अधिकारियों के नाम भी प्रमोशन की अनुशंसा वाली सूची में हैं।
प्रमोशन की अनुशंसा के बाद अब संबंधित अधिकारियों के ई-8 ग्रेड में पदोन्नत होने का रास्ता साफ हो गया है। खास तौर पर BCCL के आठ अधिकारियों के चयन से कंपनी के अधिकारियों में उत्साह का माहौल है।




