अमेठी : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी को भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने की खबर मिलते ही अमेठी में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। संग्रामपुर से लेकर शुकुलबाजार तक कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। जिला मुख्यालय गौरीगंज समेत कई स्थानों पर पटाखे फोड़े गए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना अमेठी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी का अमेठी से जुड़ाव राजनीतिक सीमाओं से कहीं आगे रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें अहम दायित्व मिलना पूरे जिले के लिए सम्मान की बात है।
भाजपा जिला महामंत्री विषुव मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर खुशी मनाई। वहीं गौरीगंज देहात मंडल अध्यक्ष अजय सिंह गौर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई बांटी गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि अमेठी और स्मृति ईरानी का राजनीतिक रिश्ता लंबे समय से चर्चा में रहा है। वर्ष 2014 में राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ने के बाद स्मृति ईरानी ने यहां अपनी राजनीतिक सक्रियता बनाए रखी। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अमेठी में जीत दर्ज कर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
पूर्व भाजपा प्रवक्ता गोविंद सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सदाशिव पांडेय एडवोकेट, अरुण पाण्डेय, देव प्रकाश पांडेय, अनूप अग्रवाल, सोनू कसौंधन, सुशील जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष अमेठी प्रतिनिधि फूलचंद कसौधन, सुशील मिश्रा और चंद्रमौलि सिंह ने भी स्मृति ईरानी को नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जताई।
उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका में आने से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश, खासकर अमेठी में भाजपा की राजनीतिक सक्रियता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।




