मनीष सिन्हा
धनबाद : झरिया विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित बालियापुर-मोहरीबांध सड़क निर्माण को लेकर विधायक रागिनी सिंह ने पहल तेज कर दी है। एनओसी के अभाव में रुका सड़क निर्माण कार्य अब आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है। विधायक ने पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा और जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की।
रागिनी सिंह ने पत्र के माध्यम से धनबाद के अंतर्गत बालियापुर-मोहरीबांध पथ (MDR-047) के किलोमीटर एक और दो के बीच भू-धंसान की स्थिति का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सड़क की स्थिति खराब होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जनता को बेहतर आवागमन सुविधा देने के लिए वैकल्पिक डायवर्सन रोड का निर्माण जरूरी है।
विधायक के अनुसार बीसीसीएल की ओर से पोषित डायवर्सन रोड के निर्माण के लिए जरूरी अनुमति और एनओसी नहीं मिलने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। उन्होंने प्रधान सचिव से कहा कि सड़क की मौजूदा स्थिति और लोगों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए विभागीय स्तर पर तत्काल कार्रवाई आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर एनओसी की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की, ताकि सड़क निर्माण शुरू हो सके और लोगों को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।
प्रधान सचिव ने दिया जल्द कार्रवाई का आश्वासन
पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने विधायक रागिनी सिंह को आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण से जुड़ी तकनीकी और एनओसी संबंधी अड़चनों को दूर करने के लिए चीफ इंजीनियर के माध्यम से स्थल का सर्वे कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सर्वे के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जेएमसी कंपनी को जल्द एनओसी उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी। संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम को जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
बालियापुर-मोहरीबांध सड़क स्थानीय लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। निर्माण कार्य शुरू होने से आवागमन सुगम होने के साथ लंबे समय से चली आ रही परेशानी से भी राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक की पहल के बाद क्षेत्रवासियों में सड़क निर्माण को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है।




