अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर गिरिडीह में छात्राओं की बहस, चुनौती टीम जीती

गिरिडीह में जागो फाउंडेशन के कार्यक्रम में छात्राओं के बीच बालिका शिक्षा पर वाद-विवाद हुआ। ‘चुनौती’ टीम विजेता रही, प्रतिभागियों ने प्रभावी तर्क रखे।

विलियम जैकब

गिरिडीह : अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जागो फाउंडेशन के धनयडीह कार्यालय में क्राय के सहयोग से स्कूली बच्चियों और किशोरियों के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में जागो फाउंडेशन के सचिव वैद्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का मंच संचालन वीरेंद्र कुमार वर्मा ने किया, जबकि एंकर की भूमिका डॉली कुमारी ने निभाई। प्रतियोगिता में शामिल छात्राओं को दो समूहों में बांटा गया था। एक समूह का नाम ‘अवसर’ और दूसरे का नाम ‘चुनौती’ रखा गया। दोनों टीमों के बीच बालिका शिक्षा से जुड़े विषय पर वाद-विवाद के साथ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी कराई गई।

बालिका शिक्षा पर छात्राओं ने रखे प्रभावी तर्क

प्रतियोगिता के दौरान दोनों टीमों की छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने पक्ष में तर्क प्रस्तुत किए। बालिका शिक्षा के महत्व, उसके सामने आने वाली चुनौतियों और उपलब्ध अवसरों पर प्रतिभागियों ने प्रभावी तरीके से अपनी बातें रखीं।

दोनों टीमों के बीच हुए संवाद और तर्क-वितर्क ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। छात्राओं ने अपने विचारों को स्पष्ट तरीके से रखने के साथ शिक्षा के माध्यम से बालिकाओं के सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की।

‘चुनौती’ टीम बनी विजेता

वाद-विवाद प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका श्रीमती किरण वर्मा, श्रीमती हीरा देवी, रमेश वर्मा और विलियम जेकब ने निभाई। निर्णायकों द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर ‘चुनौती’ टीम को विजेता घोषित किया गया।

वहीं ‘अवसर’ टीम ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि कुछ बिंदुओं पर हुई चूक के कारण टीम को अपेक्षाकृत कम अंक मिले।

आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर

कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और आयोजकों ने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और तर्क शक्ति विकसित होती है। साथ ही, अपने विचारों को प्रभावी ढंग से लोगों के सामने रखने का कौशल भी मजबूत होता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जागो फाउंडेशन की ओर से वीरेंद्र कुमार वर्मा, सरोजीत कुमार, गेंदो प्रसाद वर्मा, डॉली कुमारी सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *