अमेठी में दो दिन से लापता नाबालिग प्रेमी युगल के शव कुएं में मिले

अमेठी के शिवरतनगंज क्षेत्र में रविवार रात से लापता नाबालिग युवक-युवती के शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर कुएं से बरामद हुए। पुलिस जांच में जुटी है।

अमेठी : शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात से लापता नाबालिग युवक और युवती के शव मंगलवार सुबह गांव के बाहर स्थित एक कुएं में मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों के शव उनके घर से करीब दो किलोमीटर दूर कुएं में पड़े मिले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

रविवार रात घर से लापता हुए थे दोनों

जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग एक ही गांव के रहने वाले थे और उनके बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया गया कि दोनों फोन पर एक-दूसरे से बातचीत करते थे। लड़की मुस्लिम और लड़का हिंदू समुदाय से बताया जा रहा है।

रविवार रात दोनों अचानक अपने-अपने घरों से लापता हो गए। देर रात तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, फिर मिली शवों की सूचना

मंगलवार सुबह लड़की के पिता ने शिवरतनगंज थाने पहुंचकर नाबालिग लड़के के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

इसी बीच करीब 10 बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित कुएं में दो शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया।

शवों की पहचान रविवार रात से लापता नाबालिग युवक-युवती के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं

थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने बताया कि मंगलवार सुबह लड़की के पिता की तहरीर पर लड़के के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके कुछ घंटे बाद कुएं में दो शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

पुलिस के अनुसार, शवों की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों रविवार को ही कुएं तक पहुंचे होंगे या उसमें गिरे होंगे। हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले में किसी अन्य पक्ष की ओर से अलग से कोई शिकायती पत्र नहीं दिया गया है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *