लोहरदगाः जिले में एक बार फिर से रफ्तार का कहर देखने को मिला। शुक्रवार की सुबह शहरी क्षेत्र के बरवाटोली में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचल दिया। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक संख्या जेएच 01 जीपी-9060 को लेकर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद उक्त ट्रक को लोहरदगा-भंडरा रोड़ पर बीएस कॉलेज स्थित पुलिस पिकेट के पास ट्रक छोड़ कर ड्राइवर फरार हो गया। शवों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के कुरसे गांव निवासी इम्तियाज अंसारी के पुत्र वारिश अंसारी (24 वर्ष) और उसकी पत्नी सानिया खातून (21 वर्ष) थे, जो अपने साढू के घर स्कूटी से सेरेंगहातु गांव स्थित अली अंसारी के घर जा रहे थे। शव को घटनास्थल से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मामले की जांच आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बताया जाता है कि शहरी क्षेत्र के बरवाटोली साहू साइकिल के समीप स्कूटी पर जा रहे दो लोगों को एक ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। जिससे मौके पर ही पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है।



