धनबाद: महुदा क्षेत्र में कथित अवैध बालू उठाव के दौरान ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) के माध्यम से झारखंड सरकार, विधायक सरयू राय, झारखंड पुलिस एवं धनबाद पुलिस को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
रत्नेश कुमार ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि महुदा क्षेत्र के अंधारी स्थित नदी से कथित अवैध बालू उठाव के दौरान एक ट्रैक्टर पलट गया, जिसमें चालक दब गया और उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उनके अनुसार, कथित रूप से बालू कारोबार से जुड़े लोगों ने शव को घटनास्थल से हटाकर एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को दबाने और मैनेज करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा मिलने में परेशानी हो सकती है।
रत्नेश कुमार ने सवाल उठाया कि जब राज्य में अवैध बालू खनन और तस्करी पर रोक है, तो फिर कथित रूप से अवैध बालू कारोबार किसके संरक्षण में चल रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ बालू माफिया अवैध गतिविधियों को अंजाम देकर पुलिस प्रशासन की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने धनबाद एसएसपी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने एसएसपी से अपने स्तर से बालू तस्करी पर भी प्रभावी रोक लगाने का आग्रह किया।
रत्नेश कुमार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, अवैध बालू तस्करी पर रोक लगाने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की मांग की है।
रिपोर्ट: मनीष सिन्हा
लोक मंत्र न्यूज़ पोर्टल




