गिरिडीह : जिले के अजीडीह में पारिवारिक जमीन विवाद के बीच एक युवक अपने चार साल के मासूम बच्चे को लेकर करीब 120 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। करीब तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम युवक को समझाने और उसे बच्चे के साथ सुरक्षित नीचे उतारने में जुटी रही। काफी मशक्कत और बातचीत के बाद दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
बताया जा रहा है कि युवक का अपने परिवार के सदस्यों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच उसने बच्चे को साथ लेकर पानी की टंकी पर चढ़ने का कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलने पर मुफस्सिल थाना की पुलिस और अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युवक से बातचीत शुरू की और उसे समझाने का प्रयास किया।
तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों सुरक्षित नीचे उतरे
पानी की टंकी पर छोटे बच्चे के साथ युवक के चढ़ने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सभी की नजरें पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी थीं। अधिकारियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए युवक से लगातार बातचीत की। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद युवक और बच्चे को सुरक्षित नीचे उतारने में सफलता मिली। इससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जमीन विवाद सुलझाने के लिए हुई बातचीत
युवक और बच्चे के नीचे उतरने के बाद प्रशासन ने जमीन विवाद के समाधान की दिशा में भी पहल की। इसके तहत युवक के गोतिया और स्थानीय लोगों के साथ बातचीत की गई, ताकि विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक जमीन विवाद के गंभीर रूप लेने पर चिंता बढ़ा दी है। समय रहते पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप से युवक और मासूम बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी। फिलहाल, विवाद के शांतिपूर्ण समाधान के लिए बातचीत पर जोर दिया जा रहा है।




