प्रतापगढ़ के शाहनवाज खान ने अमेरिका में रचा इतिहास, फाइनल में पहुंचे

प्रतापगढ़ के शाहनवाज खान ने अमेरिका में विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 की लॉन्ग जंप में 7.73 मीटर छलांग लगाकर फाइनल में जगह बनाई।

प्रतापगढ़ : जिले के सदर विधानसभा क्षेत्र के लोहंगपुर सराय मधई गांव निवासी युवा एथलीट शाहनवाज खान ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतापगढ़ और देश का नाम रोशन किया है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में चल रही विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 प्रतियोगिता की लॉन्ग जंप स्पर्धा में शाहनवाज ने 7.73 मीटर की शानदार छलांग लगाकर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

शाहनवाज की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके गांव, परिवार और पूरे जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने युवा एथलीट के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए उन्हें फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दी हैं। शाहनवाज की सफलता को जिले के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।

शाहनवाज ने अपने प्रदर्शन से यह भी साबित किया है कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती। कड़ी मेहनत, लगन और लगातार अभ्यास के दम पर छोटे से गांव से निकलने वाला खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकता है। अमेरिका में विश्व स्तर की प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचना शाहनवाज के खेल करियर की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

शाहनवाज खान के शानदार प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री की ओर से मिली बधाई के बाद जिले में शाहनवाज की उपलब्धि को लेकर उत्साह और बढ़ गया है। अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां प्रतापगढ़ का यह युवा एथलीट देश के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।

शाहनवाज की उपलब्धि पर जिले के राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी उन्हें बधाई दी है। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी, सपा नेत्री ज्योत्स्ना सिंह, सपा नेता अश्वनी सोनी, नगर पंचायत गड़वारा बाजार अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन सिंह शोलू, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, समाजसेवी एवं शिक्षाविद अनिल प्रताप त्रिपाठी तथा कांग्रेस सेवादल के प्रदेश महासचिव प्रेमशंकर द्विवेदी सहित अनेक लोगों ने शाहनवाज को शुभकामनाएं दी हैं।

सभी ने शाहनवाज के फाइनल में पहुंचने को प्रतापगढ़ के लिए ऐतिहासिक गौरव का क्षण बताया और उम्मीद जताई कि वह फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक हासिल करेंगे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *