लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिलाने वाले ऐतिहासिक ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ की वर्षगांठ पर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों और शहीदों को नमन किया। इस मौके पर उन्होंने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अखिलेश यादव की ओर से काकोरी स्थित शहीद स्मारक पर सपा जिलाध्यक्ष जयसिंह जयंत के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीदों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उनके संघर्ष को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास की ऐसी गौरवशाली घटना है, जिसने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देने वाले क्रांतिकारियों के अदम्य साहस और देशभक्ति को सामने रखा। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में क्रांतिकारियों का योगदान देश कभी नहीं भुला सकता।
वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का त्याग, संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। काकोरी की ऐतिहासिक घटना ने देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष कर रहे युवाओं में नई ऊर्जा और साहस का संचार किया था।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सोनू कनौजिया, स्नातक चुनाव प्रभारी टीबी सिंह यादव, मलिहाबाद विधानसभा अध्यक्ष सोनिश मौर्या, वीरेंद्र सिंह यादव, राजबाला रावत, विजयश्री गौतम, अभय मुलायम, हरिशंकर यादव, पूर्व चेयरमैन नजमी खां, रज्जनलाल यादव, संदीप यादव, इसहाक गाजी, हरिपाल यादव, आसिफ इश्तियाक, पप्पू यादव, इब्राहिम मंसूरी, इमरान मंसूरी, एडवोकेट अनिल यादव और एडवोकेट आदर्श सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर क्रांतिकारियों को याद किया। इस दौरान उनके बलिदान और देश के लिए किए गए संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।




