प्रतापगढ़ : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र रानीगंज के मंडल रानीगंज में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पूर्व विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा की अध्यक्षता में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और राष्ट्रप्रेमी नागरिक शामिल हुए।
हाथों में लहराते तिरंगे और भारत माता के जयघोष से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए और लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
तिरंगे को बताया एकता और बलिदान का प्रतीक
पूर्व विधायक धीरज ओझा ने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं है, बल्कि यह भारत की एकता, अखंडता, गौरव और वीर जवानों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है।
उन्होंने लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता हुए शामिल
तिरंगा यात्रा में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, शिवगढ़ ब्लॉक प्रमुख सत्यम ओझा, रानीगंज नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा गुप्ता, मंडल प्रभारी रुचि केसरवानी और मंडल अध्यक्ष विवेक शर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। तिरंगे के साथ निकली यात्रा ने लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।




