गिरिडीह : बनियाडीह कोलियरी स्थित लैंकेस्टर अस्पताल परिसर में एक माह के भीतर तीसरी बार भू-धंसान होने से इलाके में दहशत का माहौल है। रविवार को हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, भू-धंसान के कारण अस्पताल परिसर में स्थित दो स्टाफ क्वार्टर, ऑपरेशन थिएटर और किचन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
भू-धंसान के बाद जमीन में काफी गहरी दरारें पड़ गईं। परिसर में लगा एक विशाल पेड़ भी जमीन के अंदर करीब छह फीट तक धंस गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। गनीमत रही कि भू-धंसान के दौरान कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सीसीएल प्रबंधन ने तत्काल कदम उठाते हुए क्षतिग्रस्त क्वार्टरों में रह रहे स्टाफ को दूसरे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया। वहीं भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा को देखते हुए सुरक्षा गार्ड तैनात कर दिए गए हैं।
प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है और प्रभावित इलाके की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।




