गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र के खिजुरी गांव में 17 वर्षीय रचिता उर्फ रिया कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गांवां-गिरिडीह मुख्य मार्ग जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले जाम के बाद पुलिस अधिकारियों के समझाने और लिखित शिकायत देने के आश्वासन पर सड़क खाली कराई गई।
मृतका की मां पार्वती देवी ने तिसरी थाना में तीन स्थानीय युवकों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर बेटी की मौत को लेकर गंभीर आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जाए।
बाएं हाथ पर मिले खरोंच के निशान, तीन युवकों पर शक
मां के आवेदन के अनुसार, 3 सितंबर की दोपहर करीब 3:30 बजे खिजुरी कलाली मोड़ के पास उमेश साव के पुराने घर के पीछे काजू के पेड़ से रिया का शव उसके ही दुपट्टे के फंदे से लटका मिला था।
परिजनों ने दावा किया है कि रिया के बाएं हाथ पर नाखून से नोचने-खरोंचने जैसे निशान मिले हैं। इसी आधार पर उन्होंने उसके साथ जबरदस्ती या मारपीट की आशंका जताई है। आवेदन में कहा गया है कि तीन युवक रिया के संपर्क में थे और आशंका है कि किसी विवाद या अन्य कारण से उन्होंने उसे नुकसान पहुंचाया अथवा आत्महत्या के लिए मजबूर किया।
हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मोबाइल CDR से मिल सकते हैं अहम सुराग
परिजनों ने पुलिस से घटना से पहले रिया की मोबाइल पर हुई बातचीत की जांच कराने की मांग की है। आवेदन में उसके पास से मिले मोबाइल नंबरों और सिम कार्ड की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालने का आग्रह किया गया है।
परिजनों को उम्मीद है कि घटना से पहले किन लोगों से बातचीत हुई और उस दौरान क्या परिस्थितियां थीं, इसकी जानकारी CDR से मिल सकती है। पुलिस भी मोबाइल रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच
सब इंस्पेक्टर लव कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। प्राथमिक जांच में हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि संबंधित मोबाइल नंबरों की CDR निकाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई करेगी।




