धनबाद स्टेशन पर मजिस्ट्रेट टिकट जांच, 79 यात्री पकड़े गए

धनबाद स्टेशन पर तीन घंटे चले टिकट जांच अभियान में 79 यात्री पकड़े गए और 53,695 रुपये जुर्माना वसूला गया, अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मनीष सिन्हा

धनबाद : धनबाद मंडल में बिना टिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ टिकट जांच अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को धनबाद स्टेशन पर मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 79 यात्रियों को पकड़ा गया।

सुनियोजित कार्यक्रम के तहत यह अभियान 15:30 बजे से 18:30 बजे तक चलाया गया। धनबाद दस्ता संख्या-02 और धनबाद स्लीपर की एल.आर. चेकिंग स्टाफ ने स्टेशन पर यात्रियों के टिकट और सामान की जांच की। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों को भी पकड़ा गया।

अभियान में बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री भी जांच के दायरे में आए। पकड़े गए कुल 79 यात्रियों से 53,695 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। रेलवे कर्मचारियों ने संबंधित यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट और प्राधिकार के साथ ही यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी।

टिकट जांच अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ भी देखने को मिली। धनबाद मंडल की ओर से स्पष्ट किया गया है कि टिकट जांच की यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और आने वाले दिनों में भी अभियान चलाया जाएगा।

धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें। साथ ही यात्रियों को सलाह दी गई है कि उनके पास जिस श्रेणी का टिकट है, उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेलवे ने यात्रियों से नियमों का पालन करने और बिना टिकट या अनुचित प्राधिकार के यात्रा से बचने का अनुरोध किया है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.