मनीष सिन्हा
धनबाद : स्वतंत्रता दिवस को लेकर धनबाद रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष सर्च अभियान के दौरान RPF और CIB की टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। प्लेटफार्म संख्या दो और तीन पर तलाशी के दौरान एक युवक को 6.18 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3.09 लाख रुपये बताई गई है।
पकड़े गए युवक की पहचान गणेश सिंह के रूप में हुई है। वह गिरिडीह जिले के जमुआ का रहने वाला बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग का पिट्ठू बैग बरामद हुआ, जिसमें गांजा रखा हुआ था।
धनबाद से हजारीबाग रोड ले जाने की बात कही
RPF अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान गणेश सिंह ने बताया कि केंदुआ में रहने वाले उसके दोस्त दीपक कुमार ने उसे धनबाद से हजारीबाग रोड स्टेशन तक गांजा पहुंचाने के लिए दिया था। उसके अनुसार, हजारीबाग रोड स्टेशन से गांजे की आगे डिलीवरी की जानी थी, लेकिन इसके बाद इसे किसे दिया जाना था, इसकी जानकारी उसे नहीं थी।
पूछताछ में युवक ने यह भी बताया कि गांजे का बैग पहुंचाने के बदले उसे 5 हजार रुपये मिलने थे। हालांकि इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रेल पुलिस को सौंपा गया युवक
कार्रवाई के बाद RPF ने पकड़े गए युवक और जब्त गांजे को आवश्यक कार्रवाई के लिए रेल पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में आगे की जांच रेल पुलिस की ओर से की जा रही है।
अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट सुदीप कुमार घोष ने किया। अभियान के दौरान RPF और CIB के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में धनबाद स्टेशन पर चलाए गए सर्च अभियान के दौरान गांजे की यह खेप पकड़ी गई।




