मुंबई : रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक एवं चेयरपर्सन नीता एम. अंबानी और फाउंडेशन की निदेशक ईशा अंबानी ने मुंबई के निकट करजत में प्रस्तावित ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ के भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर दोनों ने परियोजना की स्मृति पट्टिका का अनावरण किया।
करीब 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस टाउनशिप का उद्देश्य लगभग 5,000 लोगों को आजीवन सुरक्षित और स्नेहपूर्ण आश्रय उपलब्ध कराना है। इस पहल के तहत अनाथ बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और विकासात्मक दिव्यांगता से प्रभावित व्यक्तियों को शामिल किया जाएगा।
‘अनंत आश्रय’ की परिकल्पना ऐसे स्थायी आवासीय परिसर के रूप में की गई है, जहां जरूरतमंद लोगों को केवल रहने की जगह ही नहीं, बल्कि बेहतर देखभाल और सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर भी मिल सकें। परियोजना के माध्यम से उन्हें विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऐसे लोगों के लिए सुरक्षित और अपनत्व से भरा वातावरण तैयार करना है, जिन्हें जीवन में विशेष देखभाल और सहयोग की जरूरत होती है। यहां उन्हें गरिमा, उद्देश्य और आत्मीयता के साथ जीवन बिताने का अवसर देने की परिकल्पना की गई है।
‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ को जरूरतमंदों के लिए एक स्थायी घर के रूप में विकसित करने की योजना है। परियोजना पूरी होने पर यह परिसर अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और विकासात्मक दिव्यांगता से प्रभावित लोगों को सुरक्षित आवास, स्वास्थ्य सेवाओं तथा देखभाल से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।



