धनबाद नगर निगम में बड़े बकायेदारों पर शिकंजा, जलकर वसूली होगी तेज

धनबाद नगर निगम ने बड़े कर बकायेदारों की सूची बनाने, भवन नक्शों व अभिलेखों की जांच और एक साल से लंबित जलकर की वसूली तेज करने के निर्देश दिए।

मनीष सिन्हा

धनबाद : धनबाद नगर निगम ने राजस्व संग्रहण को मजबूत करने और लंबित कर वसूली में तेजी लाने की तैयारी शुरू कर दी है। नगर आयुक्त श्री आशीष गंगवार की अध्यक्षता में 11 अगस्त को राजस्व शाखा के कार्यों और राजस्व संग्रहण की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बड़े कर बकायेदारों से वसूली, भवन नक्शा एवं कर निर्धारण से जुड़े अभिलेखों के सत्यापन और जलकर की प्रभावी वसूली को लेकर अधिकारियों तथा अधिकृत एजेंसी को जरूरी निर्देश दिए गए।

बड़े बकायेदारों की बनेगी वार्डवार सूची

समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने बड़े और लंबे समय से कर बकाया रखने वाले करदाताओं की समग्र एवं अद्यतन सूची तैयार करने का निर्देश दिया। इसमें बड़े अस्पतालों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दुकानों और बड़े आवासीय परिसरों समेत अन्य उच्च बकायेदारों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया जाएगा।

अधिकारियों और अधिकृत एजेंसी को ऐसे मामलों की वार्डवार और प्रतिष्ठानवार विस्तृत सूची तैयार कर संबंधित अभिलेखों के साथ प्रस्तुत करने को कहा गया है। इसके बाद मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि कर बकाया और जांच की प्रक्रिया लागू नियमों एवं प्रावधानों के आधार पर ही की जाएगी।

भूमि नामांतरण से पहले होल्डिंग नामांतरण जरूरी

बैठक में स्पष्ट किया गया कि भूमि नामांतरण से पहले नियमानुसार होल्डिंग नामांतरण कराना आवश्यक है। नगर निगम ने नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय पर होल्डिंग नामांतरण कराने की अपील की है।

निगम के अनुसार इससे भविष्य में कर निर्धारण, अभिलेखों के संधारण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में होने वाली अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा।

जलकर वसूली पर भी बढ़ेगी सख्ती

राजस्व संग्रहण के लिए काम कर रही अधिकृत एजेंसी को फील्ड स्तर पर मानवबल बढ़ाने और कर वसूली तेज करने का निर्देश दिया गया है। विशेष रूप से जलकर और जल उपयोग शुल्क की वसूली को प्राथमिकता देने को कहा गया है।

एक वर्ष से अधिक समय से लंबित जल बिलों की सूची तैयार कर भुगतान की स्थिति और संबंधित अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार मांग और वसूली की कार्रवाई की जाएगी। लागू प्रावधानों के अनुसार विलंब शुल्क, दंड अथवा अन्य देय कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

अधिकृत एजेंसी को फील्ड में किए जा रहे कार्य, जारी नोटिस, वसूली गई राशि और लंबित मामलों की नियमित प्रगति रिपोर्ट राजस्व शाखा को देने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित कार्यों में लापरवाही या अपेक्षित मानवबल की तैनाती में कमी मिलने पर अनुबंध की शर्तों के अनुसार एजेंसी की जवाबदेही तय की जाएगी।

Demand-Collection-Balance का होगा नियमित अपडेट

नगर निगम की राजस्व शाखा को कर और जलकर से संबंधित Demand-Collection-Balance का नियमित अद्यतन करने तथा आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

नगर निगम प्रशासन ने सभी करदाताओं और जल उपभोक्ताओं से अपने होल्डिंग टैक्स एवं जल उपयोग शुल्क के बकाये की स्थिति जांचकर समय पर भुगतान करने की अपील की है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और अधिकृत एजेंसी को राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध रखने के निर्देश दिए हैं।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *