बिहार-बंगाल चुनाव रद्द कराने की मांग, भाई वीरेंद्र ने CEC पर उठाए सवाल

राजद नेता भाई वीरेंद्र ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बिहार और बंगाल में दोबारा चुनाव की मांग की और सरकार पर अपराध को लेकर भी निशाना साधा।

संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट

शेखपुरा : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा की लोक लेखा समिति के अध्यक्ष भाई वीरेंद्र ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने कथित वोट चोरी का आरोप लगाते हुए बिहार और पश्चिम बंगाल में हाल में संपन्न चुनावों को रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग भी उठाई। इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए फांसी की बात भी कही।

रविवार को शेखपुरा के सर्किट हाउस में स्थानीय पत्रकारों से बातचीत में भाई वीरेंद्र ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के साथ इस तरह का व्यवहार माफी के योग्य नहीं है। उनके मुताबिक, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं की जाती, तब तक राजद का आंदोलन जारी रहेगा।

भाई वीरेंद्र ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर न्यायालय तक उठाएगी। उन्होंने बताया कि राजद की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने की भी तैयारी की जा रही है।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य में महिलाओं के खिलाफ हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि अपराध की घटनाओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए सरकार एक जाति विशेष को निशाना बनाकर उसके लोगों का एनकाउंटर कर रही है। उन्होंने दावा किया कि दूसरी घटनाओं में आरोपी अपराधियों के खिलाफ नरमी बरती जा रही है। उन्होंने सरकार की इस कथित दोहरी नीति पर सवाल उठाए।

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजद में शामिल होने की संभावना से जुड़े सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि उनकी पार्टी उनका स्वागत करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पहले भी दो बार राजद में शामिल हो चुके हैं। अगर वह एक बार फिर राजद में आते हैं, तो पार्टी की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा।

इस मौके पर शेखपुरा के पूर्व विधायक विजय सम्राट समेत राजद के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *