धनबाद में छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव बताए, ब्रह्माकुमारी संस्थान का जागरूकता अभियान सराहा गया

धनबाद के राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर में ब्रह्माकुमारी संस्थान ने नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।

मनीष सिन्हा

धनबाद :  ब्रह्माकुमारी प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय संस्थान की ओर से शुक्रवार को राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, अशोकनगर, धनसार में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए उनसे आजीवन नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।

संस्थान के प्रतिनिधि सन्नी सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों का एक बार सेवन भी व्यक्ति को लत की ओर ले जा सकता है। उन्होंने कहा, “पहले आप नशा करते हैं, बाद में नशा आपको पीता है।” इसे आत्मघाती कदम बताते हुए उन्होंने अपने जीवन का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि मित्रों के कई बार समझाने और प्रलोभन देने के बावजूद उन्होंने कभी नशा नहीं करने का संकल्प लिया और उसी दृढ़ता के साथ जीवन बिताया। उन्होंने विद्यार्थियों से भी जीवनभर किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन न करने का संकल्प लेने की अपील की।

सन्नी सिंह ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण और प्रार्थना सभा की सराहना करते हुए कहा कि यहां विद्यार्थियों को अच्छे संस्कार दिए जाते हैं। ऐसे संस्कारों के बीच पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।

विद्यालय के प्राचार्य सुमंत कुमार मिश्रा ने ब्रह्माकुमारी संस्थान के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नशा करना आत्मघाती कदम है और युवाओं को इससे हर हाल में दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में इस तरह के नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान के इस प्रयास को समाज हित में एक प्रशंसनीय पहल बताया।

कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष राकेश कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुमंत कुमार मिश्रा, उपप्राचार्य मनोज कुमार, उपप्राचार्या लीला सिंह सहित विद्यालय के प्रभारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.