मनोज सिन्हा
धनबाद : श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालु यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धनबाद रेल मंडल ने विशेष सहायता अभियान शुरू किया है। गुरुवार को धनबाद और चन्द्रपुरा रेलवे स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कांवरियों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
अभियान के दौरान श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य के अनुसार प्लेटफॉर्म और ट्रेनों की जानकारी दी गई। इसके अलावा टिकट से संबंधित मार्गदर्शन, स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की जानकारी तथा जरूरत पड़ने पर अन्य आवश्यक सहायता भी प्रदान की गई।
रेलवे कर्मचारियों ने कांवरियों से कतारबद्ध और अनुशासित तरीके से यात्रा करने की अपील की। साथ ही स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने तथा रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया।
श्रावणी मेले में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए धनबाद मंडल ने चन्द्रपुरा रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष सहायता बूथ स्थापित किया है। टिकट लेने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए एक अतिरिक्त टिकट काउंटर भी शुरू किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, श्रावणी मेले के दौरान विभिन्न स्टेशनों पर जरूरत के अनुसार सहायता, नियमित उद्घोषणाएं और यात्री सुविधाओं की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
धनबाद मंडल ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले कांवरियों को सुरक्षित, सहज और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए रेलवे लगातार आवश्यक कदम उठा रहा है और यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।




