उपायुक्त ने वार्ड पार्षदों से स्थल चिन्हित कर प्रस्ताव देने का किया आग्रह
धनबाद, 5 अगस्त: धनबाद के शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 18 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाएंगे। इसे लेकर बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने वार्ड में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकारी भवन में आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू करना सबसे बेहतर विकल्प होगा। यदि किसी वार्ड में सरकारी भवन उपलब्ध नहीं है, तो अन्य उपयुक्त स्थल भी चिन्हित किया जा सकता है।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नवनियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही शहरी स्वास्थ्य केंद्रों को पॉलीक्लिनिक के रूप में विकसित करने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए बनाए जा रहे नए भवनों की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य उप केंद्रों में रिपोर्टिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हाई स्पीड इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में एक वार्ड पार्षद ने हाई स्कूल भूली को प्लस टू विद्यालय में उत्क्रमित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि प्लस टू स्कूल नहीं होने के कारण क्षेत्र के कई छात्रों को दूर के विद्यालयों में नामांकन लेना पड़ता है। उपायुक्त ने इस संबंध में लिखित प्रस्ताव देने का निर्देश दिया।
सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने सभी वार्ड पार्षदों से शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री सुशांत मुखर्जी, डीपीएम श्रीमती प्रतिमा कुमारी, नगर निगम के प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: मनीष सिन्हा
लोक मंत्र न्यूज़ पोर्टल




