क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर लोगों में सदर विधायक से नाराजगी
प्रतापगढ़। सदर विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़कों का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य का कार्यकाल पूरा होने को है, लेकिन क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। लोगों का आरोप है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गड्ढामुक्त सड़क अभियान के बावजूद विधायक की उदासीनता और उपेक्षा से विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कें बदहाल हैं।
नगर पंचायत अंतू की सड़कों की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। बाबूगंज से स्टेशन रोड, बाबूगंज से अठगवां और अंतू से शंकरगढ़ बनवीरपुर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और खराब सड़क के कारण राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अंतू निवासी मनोज वर्मा का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण समस्या बनी हुई है।
वहीं कोहंडौर से चंदौका तक बन रही सड़क की धीमी रफ्तार भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। कांधरपुर बाजार के दुकानदारों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़कें क्षेत्र के विकास का प्रमुख आधार हैं, इसलिए जनप्रतिनिधियों को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
जबकि विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य का कार्यकाल पूरा होने को है इसके बावजूद सालों से टूटी जर्जर सड़कों के नहीं बन पाने को आम जन उनकी लापरवाही करार दे रहे हैं।




