धनबाद, 5 अगस्त: धनबाद एवं झरिया क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेत्री श्रीमती अनुपमा सिंह के निर्देश पर एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को विद्युत महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार सिन्हा से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक के कार्यालय में मुलाकात कर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और अन्य तकनीकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
इस दौरान सुंदरपुर पांच नंबर और सोलह नंबर पहाड़ी क्षेत्र में वर्षों से लंबित विद्युत लाइन विस्तार का मुद्दा भी महाप्रबंधक के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में दिए गए आवेदन का हवाला देते हुए मांग की कि सुंदरपुर क्षेत्र के करीब 60 परिवारों को जल्द से जल्द विद्युत लाइन का विस्तार कर नियमित बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार सिन्हा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि धनबाद और झरिया क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान बिजली समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
महाप्रबंधक ने यह भी कहा कि सुंदरपुर पांच नंबर और सोलह नंबर पहाड़ी में विद्युत लाइन विस्तार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा, ताकि सभी पात्र परिवारों को बिजली सुविधा मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में श्रीमती अनुपमा सिंह के प्रतिनिधि सतपाल सिंह ब्रोका, अरुण कुमार रवानी, संतोष सरवानी, शिवम कुमार, राजन कुमार, शंभू प्रसाद, कमल सिंह सहित सुंदरपुर के स्थानीय ग्रामीण शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक के सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के अनुसार विद्युत विस्तार और बिजली व्यवस्था में सुधार का कार्य शुरू होता है, तो क्षेत्र के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी।
रिपोर्ट: मनीष सिन्हा
लोक मंत्र न्यूज़ पोर्टल




