सिंदरी/धनबाद: सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के मुकुंदा पंचायत अंतर्गत तिलाटांड़ गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। माता-पिता के निधन के बाद तीन मासूम बच्चियां अनाथ हो गई हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो तत्काल तिलाटांड़ पहुंचे और बच्चियों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
बताया जाता है कि तीनों बच्चियों के पिता स्वर्गीय इंद्रजीत मोदक का निधन तीन वर्ष पहले हो गया था। पिता के निधन के बाद उनकी माता गीता देवी ही बच्चों की देखभाल और पालन-पोषण का सहारा थीं। लेकिन करीब पांच दिन पूर्व बीमारी के कारण मां का भी असामयिक निधन हो गया, जिससे बच्चियों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया।
गांव पहुंचकर विधायक चंद्रदेव महतो ने शोकाकुल बच्चियों और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने इस कठिन समय में बच्चियों को हिम्मत दी और तत्काल नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। विधायक ने बच्चियों को भरोसा दिलाया कि वे खुद को अकेला न समझें और उनके भविष्य, पढ़ाई-लिखाई तथा लालन-पालन में हर संभव सहयोग किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि इन बच्चियों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मौके पर उपस्थित लोग:
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि हीरालाल मोदक, सूरजीत चंद्रा, रघुनंदन सिंह, जलधर मोदक, बादल रवानी, काशीनाथ मोदक, आशीष मोदक, विपदतारन मोदक सहित कई ग्रामीण एवं स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
रिपोर्ट: मनीष सिन्हा
लोक मंत्र न्यूज़ पोर्टल




