नई दिल्ली/धनबाद। धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार मुलाकात कर धनबाद से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास, कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े विषयों पर एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा।
मुलाकात के दौरान सांसद ने धनबाद में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने तथा क्षेत्र की अन्य समसामयिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इन मुद्दों के समाधान के लिए केंद्र सरकार से सहयोग और आवश्यक पहल का अनुरोध किया।
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद की सुरक्षा, विकास और आम नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े विषय उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सांसद द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक पहल करते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद सांसद ढुलू महतो ने कहा कि गृह मंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से धनबाद में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रगति होगी तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।




