बिना हेलमेट चल रहे 700 चालकों को किया जागरूक, मुफ्त हेलमेट भी बांटे

दलादली, तिलता और ओरमांझी में परिवहन विभाग का जागरूकता अभियान, मुफ्त हेलमेट वितरण, नुक्कड़ नाटक और शपथ के जरिए सुरक्षित यातायात का संदेश।

रांची : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से झारखंड सरकार के परिवहन विभाग ने रांची के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन की उपस्थिति में दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी समेत विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर वाहन चालकों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लगभग 600 से 700 चालकों को जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को समझाया गया कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। सड़क दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट सिर में गंभीर चोट लगने और मृत्यु के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और लापरवाही से बचने की अपील की गई।

जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए वाहन चालकों को माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। साथ ही निःशुल्क हेलमेट और सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए। उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

नुक्कड़ नाटक में यमराज ने समझाया लापरवाही का अंजाम

सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए छोटानागपुरी कला केंद्र के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति दी। कलाकार मेघनाथ पासवान, सोनाराम प्रजापति और दशरथ महतो ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से हेलमेट नहीं पहनने, यातायात नियमों की अनदेखी करने और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को दर्शाया।

 

नुक्कड़ नाटक में यमराज के पात्र के जरिए लोगों को प्रतीकात्मक रूप से बताया गया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रस्तुतियों के माध्यम से वाहन चालकों को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने का संदेश दिया गया।

 

सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने की अपील

 

अभियान के दौरान सड़क किनारे दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को सड़क पर सामान फैलाने, फुटपाथ पर अतिक्रमण करने तथा बड़े वाहनों की अनियमित पार्किंग से होने वाली समस्याओं के प्रति भी जागरूक किया गया। लोगों से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने तथा वाहनों को निर्धारित स्थान पर पार्क करने की अपील की गई, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।

 

सड़क सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी : राजीव रंजन

 

इस अवसर पर परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों के जीवन की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने लोगों में नागरिक चेतना विकसित करने और सड़क सुरक्षा नियमों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

 

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का व्यक्तिगत और सामाजिक दायित्व भी है। हेलमेट पहनना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना, अवैध पार्किंग से बचना और सड़क को अतिक्रमणमुक्त रखना जैसी आदतें अपनाकर दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है।

 

परिवहन सचिव ने सड़क दुर्घटनाओं के मानवीय पहलू पर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने से उसके परिवार को अपूरणीय क्षति होती है। विशेष रूप से परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत होने पर परिजनों को भावनात्मक आघात के साथ आजीविका संबंधी कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाना चाहिए।

परिवहन विभाग के अधिकारी और ट्रैफिक पुलिस रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार एवं अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र आशुतोष द्विवेदी तथा ट्रैफिक पुलिस के जवानों सहित परिवहन विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

परिवहन विभाग ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। विभाग का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना और सुरक्षित सड़क संस्कृति को बढ़ावा देना है।

 

 

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.