महुआडांड़ : लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न वन क्षेत्रों में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं वाहिनी और जिला पुलिस ने संयुक्त सर्च अभियान चलाकर हथियार, कारतूस और आईईडी से जुड़े संदिग्ध सामान बरामद किए हैं। 21 और 22 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के दौरान सुग्गा बांध के जंगल से राइफलें, मैगजीन और कारतूस मिले। वहीं, आधे, दौना और दुरुप वन क्षेत्रों से आईईडी के दो स्टील कंटेनर समेत अन्य सामान बरामद किया गया। शुक्रवार को महुआडांड़ थाना परिसर में एसडीपीओ पूजा कुमारी और एसएसबी के तिसिया समवाय के सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार गौरव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी। मौके पर थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास भी मौजूद थे।
पहले दिन सुग्गा बांध के जंगल से राइफल और कारतूस मिले
एसएसबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 21 अक्टूबर को सुग्गा बांध वन क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान एक .303 राइफल, एक खाली मैगजीन, नौ जिंदा कारतूस और कारतूस रखने की एक थैली बरामद की गई। कमांडेंट राजेश सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। तिसिया समवाय से मिली सूचना और आसूचना शाखा से पुष्टि के बाद सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार गौरव के नेतृत्व में टीम ने जंगल में तलाशी ली। अभियान में एसएसबी के 24 जवानों के साथ महुआडांड़ थाना के सहायक अवर निरीक्षक महेंद्र कुमार रजक शामिल थे।
दूसरे दिन दोबारा तलाशी में 63 कारतूस बरामद
22 अक्टूबर को सुग्गा बांध वन क्षेत्र में दोबारा चलाए गए सर्च अभियान के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से एक बोल्ट एक्शन राइफल, एक खाली 9 एमएम पिस्टल मैगजीन और कुल 63 कारतूस बरामद किए गए। इनमें 28 जिंदा कारतूस, 34 ट्रेसर कारतूस और एक 7.62 एमएम जिंदा कारतूस शामिल हैं।
इस अभियान में एसएसबी के 25 जवानों के साथ महुआडांड़ थाना के सहायक अवर निरीक्षक महेंद्र कुमार रजक शामिल रहे। जंगल के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी लेकर हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए।
आधे, दौना और दुरुप के जंगलों से आईईडी के दो कंटेनर मिले
इसी दिन एसएसबी की एफ समवाय बांसकरचा और महुआडांड़ थाना पुलिस ने आधे, दौना एवं दुरुप वन क्षेत्रों में भी संयुक्त सर्च अभियान चलाया। शाम करीब 5:15 बजे की गई कार्रवाई के दौरान आईईडी के दो स्टील कंटेनर, 20 मीटर प्लास्टिक शीट, रस्सी का एक बंडल, सिंथेटिक कपड़ा और रेत की दो बोरियां बरामद की गईं।
इस अभियान में एसएसबी के 27 जवानों के साथ महुआडांड़ थाना के सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार ठाकुर शामिल थे। बरामद सामान को लेकर सुरक्षा एजेंसियां आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं।
सुरक्षा के लिहाज से अहम मानी जा रही बरामदगी
दो दिनों के दौरान अलग-अलग वन क्षेत्रों में चलाए गए इन अभियानों में हथियारों, गोला-बारूद और आईईडी से जुड़े संदिग्ध सामान की बरामदगी को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एसएसबी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बरामद हथियारों और गोला-बारूद के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही जंगलों में संभावित रूप से छूटे अन्य हथियारों और गोला-बारूद की तलाश के लिए सर्च अभियान भी जारी रखा गया।
कार्रवाई के दौरान पुअनि बंधन तिर्की, रामकुमार सिंह, मो. शमशेर, एसआई रमेश चंद्र, एएसआई गौतम कुमार तथा एसएसबी के जवान सुरेंद्र महतो, अमित कुमार, अक्षय कुमार पांडे, सतीश चौधरी और रौशन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।




