निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच की। इसके साथ ही सुरक्षा उपकरणों की स्थिति और निर्वाचन सामग्री से संबंधित अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरणों की नियमित जांच की जाए और किसी भी तरह की कमी सामने आने पर उसका समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था और बैकअप को दुरुस्त रखने का निर्देश
उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि ईवीएम वेयरहाउस की निगरानी व्यवस्था हर समय दुरुस्त रहनी चाहिए। सीसीटीवी कैमरों सहित सभी सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच के साथ बैकअप व्यवस्था को भी अद्यतन रखा जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में निगरानी और सुरक्षा कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रखरखाव तथा संबंधित अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना अनिवार्य है। निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए नियमित निगरानी के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से संचालन और रखरखाव किया जाए।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी न रहे। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो उपस्थित रहे।




