नशे से व्यक्ति ही नहीं, पूरा परिवार होता है प्रभावित
अभियान के दौरान पुलिस जवानों ने ग्रामीणों को बताया कि नशे का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। विशेष रूप से युवाओं को नशे की लत से बचाना जरूरी है, ताकि वे शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
लोगों को जागरूक करने के लिए ‘जीवन से नशे की गठरी हटाएं, खुशहाल परिवार बनाएं’ और ‘नशे से दूरी बनाएं, स्वस्थ एवं सुंदर जीवन पाएं’ जैसे संदेश दिए गए। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे खुद नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
अवैध बिक्री की सूचना डायल 112 या थाने को दें
पुलिस जवानों ने ग्रामीणों से कहा कि यदि क्षेत्र में कहीं गांजा, अफीम, ब्राउन शुगर या अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल डायल 112 या गिद्धौर थाना को दें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाने के साथ-साथ अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के प्रति लोगों को सतर्क करना और सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा।
इस अवसर पर गिद्धौर थाना के जवान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिलाएं, बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




