धनबाद में खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण, SHG सदस्यों को मिले जरूरी टिप्स

धनबाद में SHG सदस्यों और खाद्य निर्माताओं को FSSAI के नियम, लाइसेंस, स्वच्छता, लेबलिंग और सुरक्षित खाद्य निर्माण की जानकारी दी गई।

रतन कुमार अग्रवाल 

धनबाद : उप विकास आयुक्त, धनबाद एवं अभिहित अधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले के स्वयं सहायता समूहों (SHG), किसान उत्पादक समूहों से जुड़े खाद्य प्रसंस्करण कार्यकर्ताओं और खाद्य निर्माताओं के लिए खाद्य सुरक्षा एवं प्रमाणन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा और निर्धारित मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों और मानकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस, फूड सेफ्टी प्रदर्शन बोर्ड पर प्रदर्शित 12 गोल्डन नियम, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण और खाद्य पैकेट की लेबलिंग से जुड़े नियमों के बारे में विस्तार से बताया गया।

प्रतिभागियों को मिथ्याछप उत्पाद, खाद्य मिलावट, खाद्य सुरक्षा एवं मानक, स्वास्थ्य संबंधी खतरे, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, पानी के मानक और फूड ग्रेड सामग्री समेत खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का आयोजन नागरिक क्लब, पटना और FSSAI के FoSTaC ट्रेनिंग पार्टनर 360 रिसर्च फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी, धनबाद डॉ. राजा कुमार ने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक खाद्य व्यवसाय संचालक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी खाद्य निर्माताओं और खाद्य व्यवसाय संचालकों के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण का वैध अनुज्ञप्ति या रजिस्ट्रेशन रखना आवश्यक है। साथ ही खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

नागरिक क्लब के संस्थापक एवं भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के सूचीबद्ध प्रशिक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार खाद्य उत्पादों को बाजार में बेहतर पहचान और स्थायित्व दिलाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानकों का पालन जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पाद उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा करने के साथ छोटे खाद्य व्यवसायों में उपभोक्ता विश्वास बढ़ाते हैं। इससे बाजार में उनकी प्रतिस्पर्धा भी मजबूत होती है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में 35 स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने भाग लिया। इसके अलावा 40 अन्य खाद्य उत्पादकों को भी प्रशिक्षण दिया गया। इस तरह कुल 75 प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

कार्यक्रम का उद्देश्य खाद्य निर्माताओं और खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, फूड सेफ्टी नियमों एवं मानकों के अनुपालन को बढ़ावा देना तथा सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य निर्माण की संस्कृति को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम में धनबाद जिले के खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी विजय परमार, जैस्मीन करकेटा, नैना नायक, चंदन साव और चंद्रकांत गंझू के अलावा 360 रिसर्च फाउंडेशन के प्रांतीय प्रोग्राम संयोजक राहुल कुमार, प्रोग्राम कॉर्डिनेटर अमित कुमार, मोबाइलाइजर शुभम कुमार और खाद्य सुरक्षा कार्यालय के राहुल कुमार पासवान मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *