भारत-वेस्टइंडीज टी-20 से पहले रांची में ट्रैफिक प्लान जारी, कई रास्ते बंद

9 अक्टूबर के भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले को लेकर रांची में भारी वाहनों पर रोक रहेगी, कई मार्गों पर डायवर्जन होगा और दर्शकों के लिए पार्किंग तय की गई है।


आदित्य राज

राँची:  जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर राँची पुलिस ने यातायात व्यवस्था का प्लान जारी किया है। मैच के दौरान स्टेडियम और आसपास के इलाकों में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए कई मार्गों पर सामान्य वाहनों के परिचालन और भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। दर्शकों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल और स्टेडियम तक पहुंचने के वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।

यातायात पुलिस के मुताबिक 9 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। सामान्य मालवाहक वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं, शालीमार चौक से नॉर्थ गेट स्टेडियम तक सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। विशेष परिस्थिति में एंबुलेंस और चिकित्सा सेवा से जुड़े वाहनों को परिचालन की अनुमति दी जाएगी।

इसके अलावा सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मेकॉन चौक, एजी मोड़, पीएचईडी मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद मैदान चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक के बीच छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों के प्रवेश एवं परिचालन पर सुबह 6 बजे से मैच समाप्ति तक रोक रहेगी। जरूरत के अनुसार अन्य मार्गों पर भी रूट डायवर्ट या वाहनों को रोका जा सकता है।

दर्शकों के लिए पार्किंग और रूट

साउथ गेट और साउथ-ईस्ट गेट के टिकटधारी दर्शक धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम और मियां मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल स्टेडियम पहुंच सकेंगे। पार्किंग भरने की स्थिति में डीएवी स्कूल, जवाहर स्टेडियम और संत थॉमस स्कूल की पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

वेस्ट गेट के टिकटधारी दर्शक धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक, धुर्वा बस स्टैंड या साईं कैंप मोड़ के रास्ते शहीद मैदान पार्किंग पहुंच सकेंगे।

नए सराय रोड से आने वाले दर्शकों के लिए हाईकोर्ट के सामने स्थित हेलिपैड मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, वीआईपी और वीवीआईपी वाहनों के लिए शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए स्टेडियम के नॉर्थ गेट के पास निर्धारित मार्ग से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।

सामान्य पार्किंग के लिए सखुआ बागान, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, डीएवी स्कूल मैदान, जवाहर लाल स्टेडियम, मियां मार्केट, संत थॉमस स्कूल, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलिपैड मैदान समेत कई स्थान निर्धारित किए गए हैं।

मैच के बाद भी रहेगा ट्रैफिक दबाव

मैच समाप्त होने के बाद शालीमार बाजार-मौसीबाड़ी गोलचक्कर, एचईसी गेट, बिरसा चौक, हिनू चौक, राजेंद्र चौक, बिग बाजार और सुजाता चौक मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।

राँची पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि मैच के दौरान निर्धारित रूटों पर वाहनों का अनावश्यक इस्तेमाल न करें। विशेष परिस्थिति में ही चारपहिया वाहनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *