गिरिडीह : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में इंडिया गठबंधन के कांग्रेस और माले कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को गिरिडीह में प्रतिवाद मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रतिवाद मार्च झंडा मैदान से शुरू हुआ और नटराज चौक पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों और नेताओं ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मार्च टावर चौक, कालीबाड़ी चौक और बड़ा चौक से होते हुए गांधी चौक पहुंचा। गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सभा का आयोजन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए माले के पूर्व विधायक राजकुमार यादव और विनोद सिंह ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने मतदाता सूची से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया संविधान की भावना के खिलाफ है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिवाद मार्च में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, मुखिया मो. समीम, डॉ. समीर राज चौधरी, राजेश सिन्हा समेत कांग्रेस और माले के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।



