संजय कुमार सिंह की रिपोर्ट
सहरसा : कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र, कुमार आशीष के निर्देशन में संचालित इस अभियान में आम लोगों का भी सहयोग मिल रहा है। हेल्पलाइन नंबर पर मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 19 से 25 सितंबर तक चले अभियान के दौरान कुल 1348.86 लीटर अवैध शराब, 32.105 किलोग्राम गांजा, 394.24 ग्राम स्मैक और 895.6 लीटर अवैध कफ सिरप बरामद किया गया। इसके अलावा 11 मोटरसाइकिल, एक तीनपहिया वाहन, दो चारपहिया वाहन, तीन मोबाइल फोन, दो पासबुक और 2 लाख 11 हजार 580 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
इस अभियान के दौरान अवैध शराब से जुड़े मामलों में 77 और सूखा नशा के मामलों में 15 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, सभी गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फरवरी से अब तक 2132 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 में अभियान की शुरुआत के बाद से कोसी क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान 71,219.455 लीटर अवैध शराब, 4313.57 लीटर अवैध कफ सिरप, 6468.205 किलोग्राम गांजा और 8062.222 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है।
इसके अलावा 12,734 एमएल नशीला इंजेक्शन, 325 अद्धा नशीली टैबलेट, एक पैकेट सिरिंज, दो विदेश निर्मित पिस्टल, एक पिस्टल, छह देशी कट्टा, एक देशी मस्केट, तीन मैगजीन और 38 कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 90 मोबाइल फोन, 31 चारपहिया वाहन, एक नाव, एक ट्रक, तीन पासबुक, एक एटीएम कार्ड, लोहे की एक भट्ठी और चार इलेक्ट्रिक तराजू भी जब्त किए। इसके साथ ही 61 लाख 62 हजार 682 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, अभियान शुरू होने के बाद अब तक कुल 2132 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
हेल्पलाइन पर दें नशा कारोबार की सूचना
पुलिस उप-महानिरीक्षक कुमार आशीष ने आम लोगों से नशा मुक्त कोसी अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशे से संबंधित किसी भी तरह की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से दी जा सकती है।
लोग अवैध नशा कारोबारी का नाम, पता और कारोबार करने की जगह जैसी जानकारी साझा कर सकते हैं। संभव होने पर फोटो या वीडियो भी उपलब्ध कराया जा सकता है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कुमार आशीष ने बताया कि जिन लोगों की सूचना से नशा तस्करी के खिलाफ विशेष उपलब्धि हासिल होगी, उन्हें पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र, सहरसा की ओर से उचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा।




