नेतरहाट विद्यालय पहुंचे 1975-82 बैच के छात्र, यादों से सजा परिसर

1975-82 बैच के पूर्ववर्ती छात्रों ने नेतरहाट विद्यालय का दौरा कर पुरानी यादें साझा कीं और विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए ट्रॉफियां प्रदान कीं।

मनीष सिंह

महुआडांड़ : नेतरहाट आवासीय विद्यालय के 1975-82 बैच के पूर्ववर्ती छात्रों ने वर्षों बाद विद्यालय परिसर पहुंचकर पुरानी यादों को फिर से जीवंत कर दिया। विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य संतोष कुमार ने सभी पूर्ववर्ती छात्रों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

पूर्ववर्ती छात्रों ने विद्यालय परिसर, छात्रावासों और कक्षाओं का भ्रमण किया। इस दौरान वे अपने छात्र जीवन की पुरानी स्मृतियों में खो गए। उन्होंने वर्तमान विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अध्ययनकाल से जुड़े कई प्रेरक और रोचक अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों के बीच उन्होंने अपने समय के अनुशासन, मित्रता, खेलकूद और विद्यालय में बिताए अविस्मरणीय पलों को भावुकता के साथ याद किया।

पूर्ववर्ती छात्रों ने वर्तमान विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नेतरहाट आवासीय विद्यालय ने उनके व्यक्तित्व और जीवन-निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विद्यालय से मिले संस्कार और शिक्षा आज भी उनके जीवन में मार्गदर्शन का काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर पूर्ववर्ती छात्रों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से कई आकर्षक ट्रॉफियां भी प्रदान कीं। ये ट्रॉफियां विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए दी गईं।

प्राचार्य संतोष कुमार ने पूर्ववर्ती छात्रों के स्नेहपूर्ण योगदान के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती विद्यार्थी विद्यालय की गौरवशाली परंपरा के संवाहक हैं और वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत भी हैं। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और विद्यालय के प्रति आत्मीय लगाव नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।

पूर्ववर्ती छात्रों के आगमन से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा। यह मिलन सिर्फ पुरानी स्मृतियों को ताजा करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अतीत और वर्तमान पीढ़ी के बीच आत्मीय संवाद और प्रेरणा का एक सुंदर सेतु भी बना।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *