मायावती ने 25 सीटों पर तय किए उम्मीदवार
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शुक्रवार को घोषणा की कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने लगभग 25 सीटों पर उम्मीदवार तय कर लिए हैं।
चार बार मुख्यमंत्री रहीं मायावती ने वर्ष 2007 में अपने दम पर बसपा की बहुमत की सरकार बनाई थी, हालांकि 2012 से पार्टी का प्रदर्शन लगातार गिरा और 2022 के चुनाव में बसपा सिर्फ एक सीट पर सिमट गई थी। उत्तर प्रदेश विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं।
मायावती ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि चुनाव की तैयारी के लिए लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में राज्य स्तरीय कई बैठकें की जा चुकी हैं और आगे भी होंगी, जिनमें साक्षात्कार लेकर अब तक लगभग दो दर्जन से ज्यादा उम्मीदवार तय कर दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी सीटों पर उम्मीदवारों का अंतिम फैसला उनके द्वारा ही किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने आकाश आनंद (बसपा प्रमुख के भतीजे) के संबंध में फैलाए जा रहे भ्रम को खारिज करते हुए कहा कि उनका उम्मीदवार तय करने या कद बढ़ाने-घटाने से कोई लेना-देना नहीं है और वे पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की तरह उनके दिशा-निर्देश में काम कर रहे हैं।




