बोकारो I रात के सन्नाटे में टावर से केबल काटने निकला 19 वर्षीय युवक इस बार पुलिस की नजर से बच नहीं सका। सेक्टर-4 स्थित सर्कस मैदान के सामने टावर से केबल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए गौतम कुमार को विश्वकर्मा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी एसी का तार काटने की तैयारी में था। पूछताछ के दौरान टावर और एसी के तार काटकर बेचने की बात सामने आई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का केबल, एसी पाइप तथा तांबे और एल्युमिनियम के तार बरामद किए हैं। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद गौतम कुमार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
बताया गया कि 27 अगस्त को टावर से केबल चोरी की घटना सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस चोर की तलाश में जुटी थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की।
इसी क्रम में पुलिस को गौतम कुमार के संबंध में जानकारी मिली। 14 सितंबर की रात पुलिस टीम ने विश्वकर्मा मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक वह एसी का तार काटने की तैयारी में था। पूछताछ में टावर और एसी के तार काटकर बेचने से जुड़े तथ्य सामने आए।
पुलिस की कार्रवाई के बाद टावर से केबल चोरी करने के मामले में एक आरोपी के पकड़े जाने से जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। पुलिस बरामद सामान और आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।
छापेमारी टीम में नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन, सेक्टर-4 थाना प्रभारी संजय कुमार पूनियो, पुलिस अवर निरीक्षक कुमार विक्रम सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अवेंद्र कुमार साव, सहायक अवर निरीक्षक जॉन कुजूर, आरक्षी 939 इलियास अंसारी और आरक्षी 1451 पवन कुमार महथा शामिल थे।




