विलियम जैकब
गावां : गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड अंतर्गत खरसान पंचायत के कहुआई गांव में लकड़ी के धरन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद के बाद बड़े भाई ब्रह्मदेव सिंह ने अपने छोटे भाई घनश्याम सिंह पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए गावां थाना में लिखित आवेदन दिया है।
ब्रह्मदेव सिंह का आरोप है कि घर में लगे धरन को लेकर उनके छोटे भाई के साथ विवाद हुआ। इसी विवाद के दौरान घनश्याम सिंह ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने मामले में पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है।
इधर, मामले में दूसरे पक्ष के घनश्याम सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को गलत और निराधार बताया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ गलत आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




