मनीष सिन्हा
हाजीपुर : पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग ने शनिवार, 5 सितंबर 2026 को सोनपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे की संरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए ट्रैक, रेल पुलों और प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।
महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण और पुनर्विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता के मानकों का पालन किया जाए और उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने यात्रियों की सुविधा और स्टेशन की दीर्घकालिक उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
महाप्रबंधक ने शाहपुर पटोरी स्टेशन का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, पैनल रूम, स्टेशन मास्टर कक्ष और शौचालय समेत विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्टेशनों पर बेहतर और टिकाऊ फ्लोरिंग सुनिश्चित करने के लिए भी उन्होंने स्पष्ट निर्देश जारी किए।
इसके बाद महाप्रबंधक ने बरौनी, मानसी और काढ़ागोला रोड स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्था और स्टेशन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा यात्रियों को सुविधाजनक और सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
महाप्रबंधक ने राजेंद्र पुल के समानांतर नवनिर्मित रेल पुल के स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित सभी एजेंसियों के साथ-साथ दानापुर और सोनपुर मंडल की टीमों के अधिकारियों के साथ 21 सितंबर से प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रस्तावित कार्यों को लेकर विभिन्न स्तरों पर की गई तैयारियों की जानकारी ली और समय पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अमित सरन सहित पूर्व मध्य रेल मुख्यालय और मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




