मनीष सिंह
महुआडांड़ : 5 अगस्त 2026 को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद मनिका विधानसभा क्षेत्र के महुआडांड़ अनुमंडल अंतर्गत पंचायत गड़बूढ़नी के पहाड़कापू गांव स्थित बूथ संख्या 317 पर 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 जमा किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन प्रपत्रों में संबंधित मतदाताओं को “पते पर मौजूद नहीं” या “स्थानांतरित” बताते हुए मतदाता सूची से नाम हटाने की अनुशंसा की गई है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद शनिवार को पहाड़कापू अंजुमन कमेटी के सदर हदीस अंसारी की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष नुरूल अंसारी, कांग्रेस एसटी जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों की ओर से महुआडांड़ के अनुमंडल पदाधिकारी को लिखित आवेदन देने की बात कही गई है।
42 नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 देने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता राजेंद्र कुमार सोनी और ग्राम प्रधान सह भाजपा बूथ सदस्य जोगेंद्र खेरवार द्वारा 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 जमा कराने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है।
मतदाता अयूब अंसारी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उन्होंने जरूरी दस्तावेज जमा किए थे। 5 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में उनका नाम भी दर्ज था। हालांकि, 4 सितंबर को उन्हें जानकारी मिली कि राजेंद्र कुमार सोनी द्वारा उनका नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए उन्हें “पते पर मौजूद नहीं” बताते हुए प्रपत्र-7 बीएलओ के पास जमा किया गया है।
वहीं, मतदाता अख्तरी खातून ने आरोप लगाया कि उनका नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए दिए गए प्रपत्र-7 पर ग्राम प्रधान जोगेंद्र खेरवार, जिन्हें भाजपा का बूथ एजेंट बताया जा रहा है, के स्तर से फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं। उनका कहना है कि न तो उनकी मृत्यु हुई है और न ही उन्होंने गांव से पलायन किया है।
बीएलओ को फॉर्म देने और दबाव बनाने का भी आरोप
पहाड़कापू अंजुमन कमेटी के सदर हदीस अंसारी ने बताया कि बूथ संख्या 317 की बीएलओ अनीमा खलखो ने फोन कर जानकारी दी कि उनके समाज के 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 दिए गए हैं। हदीस अंसारी के अनुसार, इसके बाद जब उन्होंने मामले की पड़ताल की तो आरोप सामने आया कि बराही गांव के भाजपा पंचायत प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार सोनी और जोगेंद्र खेरवार द्वारा बीएलओ पर प्रपत्रों पर मोहर और हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया जा रहा था।
बीएलओ अनीमा खलखो ने बताया कि ग्राम प्रधान एवं भाजपा बूथ सदस्य जोगेंद्र खेरवार की ओर से प्रपत्र-7 के फॉर्म दिए गए थे। फॉर्म देखने के बाद उन्हें पता चला कि ये मतदाता का नाम हटाने से संबंधित हैं। इसलिए उन्होंने फॉर्म जमा नहीं किए और इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी।
ग्राम प्रधान जोगेंद्र खेरवार ने बताया कि राजेंद्र कुमार सोनी ने उनसे कहा था कि ये 42 फॉर्म कार्यालय की ओर से मिले हैं और इन पर हस्ताक्षर कर बीएलओ के पास जमा करना है। हालांकि, मामले को लेकर ग्रामीणों ने जांच की मांग की है।
राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू
मामला सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस एसटी जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर ने कहा कि प्रपत्र-7 का इस्तेमाल सामान्यतः ऐसे मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया में किया जाता है, जो संबंधित स्थान से बाहर चले गए हों या जिनकी मृत्यु हो चुकी हो। उन्होंने आरोप लगाया कि जीवित और अपने पते पर मौजूद लोगों के नाम हटाने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। उनका कहना है कि ऐसी शिकायतें अन्य स्थानों से भी सामने आ रही हैं, इसलिए पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस मंडल अध्यक्ष नुरूल अंसारी ने बताया कि मामले की जानकारी मनिका विधायक रामचंद्र सिंह को दी गई है। उन्होंने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी को भी मामले से अवगत कराया गया है। ग्रामीणों की ओर से लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
एसडीओ बोले- आवेदन और जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
महुआडांड़ अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडरी ने बताया कि उन्हें मामले की सूचना लोगों के माध्यम से मिली है। उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होने और मामले की जांच के बाद ही इस संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है। एसडीओ ने निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है।
इन 42 मतदाताओं के नाम हटाने का दावा
प्रपत्र-7 में जिन 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म भरे जाने की बात कही गई है, उनमें अमानुल अंसारी, जलालुद्दीन अंसारी, नसराफून बीबी, शमीमा बीबी, सलीमा खातून, आमिर अंसारी, सकीना बीवी, सजीम मियां, शमीम अंसारी, जहारिन बीबी, सकुनत बीबी, जुनाप मिया, शाहिद अंसारी, साहिबन खातून, जमीर अंसारी, शबाना खातून, तस्लीम अंसारी, अख्तरी खातून, अनवर अंसारी, तैबून बीबी, रहमतुन खातून, तौकीर अंसारी, इम्तियाज अंसारी, इब्राहिम अंसारी, मजीम मियां, मुनेषा बीबी, अमिर अंसारी, जमीर अंसारी, सफूरन बीवी, नूरुल अंसारी, रिजवाना बीबी, इमरान अंसारी, अयूब अंसारी, अजमेरउन बीबी, नगीना बीवी, रजिया खातून, अली हुसैन मियां, सहुल्ला मियां, सनाउल अंसारी, जुलेखा बीवी, रुकायदा खातून और सुहानी खातून शामिल हैं।




