राधा-कृष्ण से लक्ष्मीबाई तक, पिहरा में बच्चों ने दिखाया अनोखा रूप

सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पिहरा में दीक्षांत समारोह के साथ रूप सज्जा प्रतियोगिता हुई, जिसमें बच्चों ने विभिन्न किरदारों में प्रस्तुति देकर प्रतिभा दिखाई।

गावां : गावां प्रखंड स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पिहरा में दीक्षांत समारोह और रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार और संकुल साधनसेवी अजय पंडित मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुई।

इस अवसर पर थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया है, जो उनकी मेहनत और लगन को दर्शाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आगे भी अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए मेहनत जारी रखने और बेहतर मुकाम हासिल करने की अपील की।

उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच साइबर अपराध को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी। कहा कि कई साइबर अपराधी विद्यार्थियों और उनके माता-पिता को अलग-अलग तरीकों से झांसे में लेकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि से सावधान रहना जरूरी है।

वहीं, संकुल साधनसेवी अजय पंडित ने विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने पर जोर दिया।

रूप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया हुनर

विद्यालय परिसर में आयोजित रूप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने राधा-कृष्ण, रानी लक्ष्मीबाई समेत कई अलग-अलग किरदारों का रूप धारण किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

ग्रुप ए में अंजलि कुमारी ने प्रथम, श्वेता कुमारी ने द्वितीय और राजनंदनी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रुप बी में अवंतिका कुमारी प्रथम, प्रिया सिंह द्वितीय और वीरा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

ग्रुप सी में अंशिका वर्मा, अंकुश राज और अनन्या कुमारी का प्रदर्शन श्रेष्ठ रहा। इसके अलावा रुपाली, श्वेता, अंजलि, सोनाली, नित्या, जेन्फ प्रवीण, कुजश्वी चंद्रा, आराध्या यादव, मुझत प्रवीण और अंशिका प्रवीण समेत अन्य बच्चों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष नागेश्वर साव, प्रधानाचार्य बिनोद पांडेय, राजेंद्र विश्वकर्मा, राधेश्याम, चंचला देवी समेत विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और अन्य लोग उपस्थित रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.