गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में चोरी का मोबाइल खोल रहा था युवक, धराया

RPF जवानों ने गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में संदिग्ध युवक को पकड़ा; पूछताछ में गोमो स्टेशन पर iPhone चोरी करने की बात सामने आई, मोबाइल बरामद।

मनीष सिन्हा 

धनबाद : ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत धनबाद RPF ने शुक्रवार को गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए चोरी के iPhone के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में युवक ने कथित तौर पर गोमो स्टेशन पर दूसरी ट्रेन में सो रहे यात्री की जेब से मोबाइल निकालने की बात स्वीकार की। बाद में उसे बरामद मोबाइल के साथ अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी धनबाद को सौंप दिया गया।

RPF के अनुसार, 4 सितंबर को गाड़ी संख्या 13330 गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में गया से धनबाद तक मार्गरक्षण ड्यूटी पर आरक्षी राम प्रकाश कुमार तैनात थे। तेतुलमारी और धनबाद के बीच करीब 4:43 बजे कोच संख्या S1 में एक युवक को iPhone मोबाइल के साथ संदिग्ध अवस्था में छेड़छाड़ करते देखा गया। संदेह होने पर जवान ने उससे पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम अमन कुमार, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी तुपकड़ीह, बोकारो बताया। RPF के मुताबिक, उसने बताया कि मोबाइल गोमो स्टेशन पर गाड़ी संख्या 18623 हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सो रहे एक यात्री की जेब से निकाला था। इसके बाद वह ट्रेन से उतरकर गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में सवार हो गया और चोरी किए गए मोबाइल को खोलने का प्रयास कर रहा था।

धनबाद स्टेशन पहुंचने पर RPF टास्क टीम के सदस्यों ने भी युवक से पूछताछ की। इसी दौरान मोबाइल पर उसके वास्तविक मालिक का फोन आया, जिसके बाद बरामद iPhone का सत्यापन किया गया। सत्यापन के बाद युवक को मोबाइल समेत जीआरपी धनबाद को सौंप दिया गया।

RPF की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बरामद iPhone की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है। कार्रवाई में आरक्षी राम प्रकाश कुमार, प्रमोद कुमार और आरक्षी विवेक कुमार शामिल थे।

जीआरपी धनबाद ने शिकायत के आधार पर 4 सितंबर को कांड संख्या 165/26 दर्ज किया है। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी सहायक उपनिरीक्षक अनीता मिंज को सौंपी गई है।

RPF के अनुसार, ICJS में जांच के दौरान गिरफ्तार अमन कुमार के खिलाफ पहले से कोई मामला दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *