मनीष सिन्हा
धनबाद : धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) की ओर से नए क्रिकेट सत्र की शुरुआत पर अंपायरों और स्कोररों के लिए तीन दिवसीय अंपायरिंग व स्कोरिंग वर्कशाप आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 11 से 13 सितंबर तक रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित डीसीए कार्यालय में होगा।
वर्कशाप के दौरान क्रिकेट के नियमों, प्लेइंग कंडीशन और अंपायरिंग व स्कोरिंग से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेषज्ञ अंपायर प्रतिभागियों को जानकारी देंगे। साथ ही प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा।
डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह और उपाध्यक्ष व अंपायरिंग कमेटी के चेयरमैन मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नए सत्र के आगाज से पहले इस तरह का आयोजन अंपायरों और स्कोररों के लिए रिफ्रेशर कोर्स की भूमिका निभाएगा। इससे उन्हें नियमों और खेल की परिस्थितियों से जुड़ी जानकारी को दोबारा समझने और अपडेट करने का अवसर मिलेगा।
डीसीए से जुड़े अंपायरों और स्कोररों के लिए इस वर्कशाप में शामिल होना अनिवार्य रखा गया है। वहीं, अंपायरिंग या स्कोरिंग के क्षेत्र में रुचि रखने वाले अन्य लोग भी इसमें भाग ले सकते हैं।
वर्कशाप के दौरान प्रत्येक दिन तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम के अंतिम दिन अंपायरों की परीक्षा भी ली जाएगी। इसके जरिए उनकी नियमों और अंपायरिंग से संबंधित समझ का आकलन किया जाएगा।




