सिमडेगा। भारी बारिश के बीच सदर प्रखंड के मुंजबेड़ा गांव में एक गरीब ग्रामीण का कच्चा मकान विशालकाय पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर अनुमंडल पदाधिकारी सुमंत तिर्की और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धर्मदेव पासवान ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कीचड़ और उबड़-खाबड़ रास्तों की परवाह किए बिना गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनकी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान समाजसेवी सह सब्जी व्यवसायी भरत प्रसाद भी मौजूद रहे।
पीड़ित ग्रामीण मारवाड़ी बड़ाईक ने अधिकारियों को बताया कि लगातार हो रही बारिश के दौरान अचानक एक विशालकाय पुटकल का पेड़ उनके कच्चे मकान पर गिर गया। घटना के समय परिवार के किसी सदस्य के घर के अंदर नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद पूरा परिवार गांव में ही एक पड़ोसी के घर शरण लेने को मजबूर है।
पीड़ित परिवार की स्थिति को देखते हुए समाजसेवी भरत प्रसाद के सहयोग से तत्काल एक ट्रैक्टर चिप्स और 20 बोरा डालमिया सीमेंट उपलब्ध कराया गया, ताकि मकान निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराया जा सके। इसके अलावा परिवार के लिए 50 किलो चावल, 15 किलो दाल, फल, कंबल तथा बारिश से बचाव के लिए बरसाती भी उपलब्ध कराई गई।
बताया गया कि प्रभावित ग्रामीण को आवास योजना की पहली किस्त मिल चुकी है तथा उन्होंने मकान निर्माण के लिए ईंट भी गिरा ली है। लेकिन अन्य निर्माण सामग्री खरीदने में आर्थिक परेशानी आड़े आ रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर भरत प्रसाद ने अपने स्तर से भवन निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया, ताकि आर्थिक तंगी के कारण मकान निर्माण का कार्य बाधित न हो।
मौके पर एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने पीड़ित परिवार की समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सरकारी एवं गैर-सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना भी उसकी जिम्मेदारी है। आपदा की घड़ी में किसी जरूरतमंद परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की बदहाल सड़क की समस्या भी अधिकारियों के समक्ष रखी। एसडीओ और एसडीपीओ ने समस्या का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर अधिकारियों और समाजसेवी द्वारा की गई मदद की ग्रामीणों ने सराहना की।




