अभिजीत अधर्जी
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित पटेल नगर में रजक समाज के लिए नवनिर्मित आधुनिक सामुदायिक विकास भवन का बुधवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। नगर आवास एवं विकास विभाग की ओर से करीब 21.48 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का उद्घाटन जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन के बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने भवन को समाज और क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। आधुनिक सुविधाओं से तैयार यह सामुदायिक भवन रजक समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उपयोग किया जाएगा।
क्षेत्र की समस्याओं की भी ली जानकारी
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक पूर्णिमा साहू ने रजक समाज के लोगों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा मंच
सांसद और विधायक ने कहा कि सामुदायिक भवन समाज की एकजुटता, सहभागिता और सांस्कृतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। उन्हें उम्मीद है कि नवनिर्मित भवन रजक समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम में पूर्वी विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता राजन सिंह, सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, अरुण मिश्रा, धनराज गुप्ता समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता, रजक समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




