प्रतापगढ़ : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह की शुरुआत हुई। इस दौरान जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान अतिथियों और जनसामान्य को नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ भी दिलाई गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान हासिल करने वाले पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय ताजपुर कुंडा को 50 हजार रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान पर रहे बीएसएस एकेडमी फुलवरिया और संस्कार ग्लोबल स्कूल टेऊंगा को 25-25 हजार रुपये दिए गए। वहीं तृतीय स्थान हासिल करने वाले उच्च प्राथमिक विद्यालय तुलसी का पुरवा को 10 हजार रुपये का डेमो चेक मिला। अन्य प्रतिभागी विद्यालयों को भी 10-10 हजार रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए।
युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान की अपील
कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि 15 अगस्त देश के संघर्ष, त्याग और बलिदान का ऐतिहासिक पर्व है। यह दिन हमें स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति केवल सोशल मीडिया की शक्ति बनकर न रह जाए, बल्कि उसे राष्ट्र निर्माण की ताकत बनना चाहिए। तकनीक का इस्तेमाल सिर्फ रील बनाने के लिए नहीं, बल्कि शिक्षा, शोध, नवाचार और देशहित के कार्यों के लिए किया जाना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि मिशन-2047 के तहत विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। देश की प्रगति में युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करें।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मो. अनीस और धर्मेन्द्र ओझा ने किया। समारोह का समापन वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ।




