प्रतापगढ़ में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान, बूथ स्तर पर होगा बदलाव

प्रतापगढ़ में कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान शुरू किया है। 20 अगस्त तक समीक्षा और रिपोर्ट तैयार होगी, जबकि जिला अध्यक्ष का चयन पारदर्शी तरीके से किया जाएगा।

प्रतापगढ़ : उत्तर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए संगठन सृजन अभियान शुरू किया गया है। बुधवार को प्रतापगढ़ के मीरा भवन स्थित लीला पैलेस में पत्रकार वार्ता के दौरान एआईसीसी ऑब्जर्वर प्रमोद सहवाग ने अभियान की रूपरेखा साझा की।

प्रमोद सहवाग ने कहा कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। इस दौरान जिला अध्यक्ष पद के इच्छुक लोगों को आवेदन पत्र भी वितरित किए गए।

20 अगस्त तक तैयार होगी विस्तृत रिपोर्ट

सहवाग ने बताया कि संगठन सृजन अभियान 12 से 20 अगस्त तक चलाया जाएगा। इस दौरान जिला, नगर, ब्लॉक, मंडल और वार्ड स्तर पर संगठन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, पूर्व पदाधिकारियों और चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों से भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 12 से 19 अगस्त के बीच ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के संगठन सृजन का कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद 20 अगस्त तक अभियान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

जमीनी कार्यकर्ताओं को मिलेगी जिम्मेदारी

एआईसीसी ऑब्जर्वर ने कहा कि संगठन में सक्रिय और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ संगठन को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा।

उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बूथवार मजबूत संगठन तैयार करना है, ताकि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लगातार उठाएं और उनके समाधान के लिए संघर्ष कर सकें।

पत्रकार वार्ता का संचालन कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने किया। इस दौरान पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, हरिकेश त्रिपाठी, प्रमोद मिश्रा और नगर अध्यक्ष मोहम्मद इश्तियाक समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *