जल जीवन मिशन की धीमी रफ्तार पर DDC सख्त, 80 घरों तक पहुंचेगा नल का पानी

धनबाद के उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने निरसा में जल जीवन मिशन और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया, 80 घरों में नल से पानी पहुंचाने के निर्देश दिए।

मनीष सिन्हा

धनबाद : उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने मंगलवार को निरसा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जल जीवन मिशन समेत अन्य सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बोलडीह और जसपुर गांव में जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया, वहीं पक्तोरिया मोड़ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के उन्नयन कार्य का भी निरीक्षण किया।

80 घरों में नल से जलापूर्ति शुरू कराने का निर्देश

उप विकास आयुक्त ने जल जीवन मिशन के तहत बोलडीह गांव में 80 घरों के लिए प्रस्तावित सोलर जल मीनार और नल-जल आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया।

मौके पर मौजूद PHED के सहायक अभियंता और कनीय अभियंता को उन्होंने जल्द स्थल निरीक्षण कर प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी 80 घरों में नल के माध्यम से नियमित जलापूर्ति शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

जलापूर्ति व्यवस्था के रख-रखाव के लिए जलकर पर जोर

इसके बाद उप विकास आयुक्त जसपुर गांव पहुंचे और वहां जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने जलसहिया को मुखिया के साथ समन्वय स्थापित कर ग्राम स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था के रख-रखाव और भविष्य में होने वाली मरम्मत के लिए जलकर की व्यवस्था शुरू करने पर जोर दिया। उप विकास आयुक्त ने प्रारंभिक स्तर पर 5 से 10 रुपये प्रतिमाह जलकर से शुरुआत करने की बात कही, ताकि छोटी-मोटी मरम्मत और नियमित रख-रखाव के लिए बाहरी सहायता पर निर्भरता कम हो सके।

पुराने आंगनबाड़ी केंद्र को बनाया जा रहा स्मार्ट मॉडल

निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने पक्तोरिया मोड़ स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया। यहां पुराने भवन को स्मार्ट मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

केंद्र के निरीक्षण के दौरान बच्चों की बेहतर पहुंच और परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने बाउंड्री वॉल और एप्रोच रोड के निर्माण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया, ताकि ग्रामीणों को जलापूर्ति और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सके।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *