मनीष सिन्हा
रांची : झारखंड के युवाओं के भविष्य और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर भाजपा ने सोमवार को राजधानी रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। JPSC-JSSC में कथित महाघोटाले की CBI जांच और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
प्रदर्शन में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने भी सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।
मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान पुलिस ने रोका
मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान झरिया विधायक रागिनी सिंह समेत भाजपा के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में उन्हें बस के माध्यम से मौके से ले जाया गया।
प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, जमशेदपुर पूर्व की पूर्व विधायक पूर्णिमा दास साहू, मधु कोड़ा सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद प्रदर्शनकारियों में आक्रोश बना रहा और उन्होंने युवाओं से जुड़े इस मुद्दे पर आंदोलन जारी रखने की बात कही।
रागिनी सिंह बोलीं- युवाओं की मेहनत के साथ होना चाहिए न्याय
रागिनी सिंह ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का सबसे बड़ा असर उन युवाओं पर पड़ता है, जो वर्षों तक मेहनत कर सरकारी नौकरी की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने भविष्य को लेकर जवाब चाहिए और उनकी मेहनत के साथ न्याय होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकार और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी। जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक संघर्ष जारी रखने की बात उन्होंने कही।
‘हेमंत सोरेन इस्तीफा दो’ के लगे नारे
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “हेमंत सोरेन इस्तीफा दो” और “JPSC-JSSC की CBI जांच कराओ” जैसे नारे लगाए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर पार्टी आगे भी आंदोलन करेगी और कथित अनियमितताओं की जांच को लेकर सरकार पर दबाव बनाएगी। पार्टी की ओर से स्पष्ट किया गया कि युवाओं को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।




