धनबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कई दुकानों के छोले में मिला रंग

त्योहारों से पहले धनबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में कई दुकानों के छोले, चिकन मसाले, लड्डू और चटनी में रासायनिक रंग मिला। मिलावटी सामग्री नष्ट कराई गई और साफ-सफाई के निर्देश दिए गए।

रतन कुमार अग्रवाल 

धनबाद : आगामी त्योहारों के मद्देनजर धनबाद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव प्रसाद के निर्देश पर विभाग की टीम खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में रांची से मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) वाहन धनबाद पहुंचा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न स्ट्रीट फूड स्टॉल, होटलों और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की मौके पर रासायनिक जांच की गई।

अभियान के दूसरे दिन हीरापुर बाजार से पुलिस लाइन तक विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और ठेलों की जांच की गई। इस दौरान कई दुकानों के छोले, चिकन मसाले, लड्डू, आलू के मसाले और चटनी में रासायनिक रंग मिलने की बात सामने आई। संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी और खाद्य लाइसेंस से संबंधित खामियां भी मिलीं।

छोले में रासायनिक रंग, कई दुकानों की सामग्री नष्ट

जांच के दौरान सुपर श्री राम चाट, विजय चाट शॉप, शुभम चाट, जय गुरु चाट सेंटर, मुरारी कुमार चाट का ठेला, स्पाइसी चाट एंड मोमोज, चाट शॉप ठेला, हॉट एंड टेस्टी चाट और स्पाइसी अमृत चाट के छोले में रासायनिक रंग पाया गया। विभागीय टीम ने मौके पर ही संबंधित सामग्री नष्ट करवा दी।

काली दस किचेन में चिकन के मसाले में रासायनिक रंग मिला, जिसे नष्ट कराया गया। वहीं, राजस्थानी नमकीन दुकान में मोतीचूर, बेसन और घी के लड्डू में रासायनिक रंग पाए जाने पर संबंधित मिठाइयों को नष्ट कराया गया।

धनंजय मंडल के समोसा ठेले पर आलू के मसाले और चटनी में रासायनिक रंग मिलने पर उन्हें भी मौके पर नष्ट करवाया गया। शंकर होटल के मालिक पंकज महतो के ठेले पर हल्दी में मिलावट पाई गई। इसके बाद मिलावटी हल्दी के साथ उससे तैयार खाद्य सामग्री को भी नष्ट कराया गया। शंकर मिष्ठान भंडार में बेसन के लड्डू में रासायनिक रंग मिलने पर संबंधित सामग्री नष्ट कराई गई।

साफ-सफाई में कमी, लाइसेंस नहीं मिलने पर दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान चाट चटोरी दुकान में खाद्य लाइसेंस नहीं मिला। इसके अलावा वहां गंदगी भी पाई गई। विभाग ने संचालक को मौके पर ही व्यवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया।

धनबाद समोसा चाट वाले स्टॉल पर भी गंदगी मिलने के बाद साफ-सफाई दुरुस्त करने को कहा गया। झारखंड चिकन पकोड़ा ठेले पर स्वच्छता की कमी पाई गई। जिस कड़ाही में पकौड़े बनाए जा रहे थे, वह भी काफी गंदी थी। विभागीय टीम ने संचालक को स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य पदार्थ तैयार करने में साफ-सुथरे बर्तनों का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया।

वहीं, सुपर श्री राम चाट, बॉम्बे फेमस रोल, रवि चाट शॉप, अजय रोल एंड चाउमीन सेंटर, जय माता दी इडली-सांभर, दिलखुश मसालेदार इडली, द डोसा, स्पाइसी मोमोज ठेला, जय मां दुर्गा डोसा, जय मां दुर्गा चाट भंडार, दार्जिलिंग मोमोज, सुरेंद्र साव, बापी स्वीट्स, गुजराती नमकीन दुकान, जगरू महतो ठेला और धनबाद चिकन पकोड़ा सहित कई प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान सब कुछ सही पाया गया।

16 अन्य ठेलों की भी जांच, 83 नमूनों की हुई रासायनिक जांच

अभियान के दौरान 16 अन्य ठेलों पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों की भी मौके पर रासायनिक जांच की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और हाइजीन बनाए रखने तथा किसी भी तरह की मिलावट से बचने का सख्त निर्देश दिया।

विभाग के अनुसार, अभियान के पहले दिन कुल 83 खाद्य नमूनों की रासायनिक जांच की गई। संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियों में सुधार करने के लिए सात दिनों का समय दिया गया है। जिन प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री जांच में विफल पाई गई है या खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का उल्लंघन सामने आया है, उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पूरे जिले में जारी रहेगा जांच अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि धनबाद के नागरिकों को स्वच्छ, शुद्ध और मिलावटमुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब की मदद से जांच अभियान पूरे जिले में आगे भी जारी रहेगा।

जांच दल में नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजया परमार, चंदन साव, चंद्रदेव गंझू, जैस्मीन केरकेट्टा और नैना नायक के अलावा विभाग के राहुल कुमार पासवान, राहुल कुमार, अमित कुमार और शुभम कुमार शामिल रहे। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से नियमों का पालन करने, साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों में किसी भी तरह की मिलावट नहीं करने की अपील की है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.